राज्यपाल ने रोहड़ू से नशा विरोधी जन जागरूकता अभियान को हरी झंडी दिखाई

Jun 16, 2025 - 20:19
राज्यपाल ने रोहड़ू से नशा विरोधी जन जागरूकता अभियान को हरी झंडी दिखाई
300
400

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला जिला के रोहड़ू से एक बड़े नशा विरोधी जन जागरूकता अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में हजारों स्कूली विद्यार्थियांे, महिला मण्डल सदस्यों और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
यह रैली रोहड़ू बाजार से राजा वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा तक निकाली गई जिसमें विद्यार्थियों ने नशे के विरुद्ध संदेश देते बैनर और पोस्टर लेकर मार्च किया।
रैली के समापन पर महाविद्यालय परिसर में जनसभा को सम्बोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह जन जागरुकता अभियान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक अभियान नहीं है बल्कि हिमाचल को नशे जैसी बुराई से बचाने के प्रति एक प्रतिज्ञा है। उन्होंने प्रदेश में नशे के कारण हो रही मौतों पर चिंता व्यक्त की और इसे रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने के लिए लोगों को जागरुक किया।


उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री का नशे के खिलाफ एक प्रयास है और राज्य सरकार ने इस बुराई के विरुद्ध विधानसभा में सख्त कानून बनाकर अहम निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मैं यहां राजनीति के लिए नहीं बल्कि अपने युवाओं को नशे से बचाने के लिए आया हूं। ज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश केवल अपनी प्राकृतिक सुन्दरता के लिए नहीं बल्कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और समृद्ध पारम्परिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। ऐसे पवित्र प्रदेश में नशे के लिए कोई भी स्थान नहीं होना चाहिए। हमारे युवाओं को नशे के बजाए ज्ञान और संस्कृति को अपनाना चाहिए।


शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश राज्यपाल के व्यापक अनुभव और सामाजिक सरोकार के प्रति किए जा रहे कार्यों से लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि शिमला की ऊपरी घाटियां बागवानी की दृष्टि से समृद्ध हैं और यदि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहे तभी इस क्षेत्र का समग्र एवं सम्पूर्ण विकास सुनिश्चित हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। शिक्षा मंत्री ने प्रदेश की गिरती जनसंख्या वृद्धि दर और सिथैंटिक ड्रग्ज़ के बढ़ते खतरे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के प्रति पूरी तरह सजग है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा चलाए जा रहे अभियान और प्रदेश सरकार के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने रोहड़ू से इस अभियान की शुरूआत के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह राज्यपाल के नशे के खिलाफ संदेश को पूरे क्षेत्र में पहुंचाने के लिए हरसम्भव प्रयास करेंगे और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करते रहेंगे।
कार्यक्रम में नशीले पदार्थों और सार्वजनिक स्वास्थ्य विषय के विशेषज्ञ डॉ. अनिल शर्मा ने प्रस्तुति दी। सीमा महाविद्यालय की प्राचार्या ललिता रावत ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कॉलेज के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित एक नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।